आपने अरहर की दाल और भिंडी की सब्ज़ी बनाई थी। उस दिन खाना बच गया, तो आपने उसे फ्रिज में रख दिया। अगले दिन छोले बन गए, तो दाल-सब्ज़ी रह गई। तीसरे दिन पास्ता बन गया, चौथे दिन बाहर खाना खा लिया… और पांचवें दिन अचानक याद आया कि वो पुरानी दाल-सब्ज़ी अभी भी फ्रिज में पड़ी है। आपने उसे निकाला, गर्म किया और खा लिया। लेकिन कुछ ही घंटों बाद पेट खराब, उल्टी और बेचैनी शुरू हो गई।
आखिर ऐसा क्यों हुआ?
कारण है- फ्रिज में रखा पुराना खाना। हम अक्सर सोचते हैं, “फ्रिज में रखा है, तो खराब कैसे होगा?” लेकिन ये पूरी तरह सही नहीं है। फ्रिज खाने को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की गारंटी नहीं देता। कई बार खाना देखने और सूंघने में बिल्कुल ठीक लगता है, लेकिन अंदर ही अंदर उसमें बैक्टीरिया पनप चुके होते हैं।
फ्रिज में रखा हुआ खाना कितने दिन तक सुरक्षित रहता है?
दाल: लगभग 1 दिन
चावल: 1 दिन
सब्ज़ी: 1–2 दिन
नॉनवेज: ज्यादा से ज्यादा 2 दिन
मतलब साफ है- ज्यादातर पका हुआ खाना 1–2 दिन के अंदर-अंदर ही खा लेना चाहिए।
पुराना खाना खाने से क्या हो सकता है?
अगर खाना ज्यादा दिन तक फ्रिज में रखा हो, तो उसे खाने से फूड पॉइज़निंग हो सकती है। इसके लक्षण हैं: उल्टी और दस्त,
पेट में दर्द, बुखार, शरीर पर रैशेज
कैसे पहचानें कि खाना खराब हो चुका है?
हर बार बदबू ही संकेत नहीं होती। ध्यान दें: खाने का रंग बदल गया हो, ऊपर चिपचिपी परत दिखे, काला या हरा फंगस नजर आए। ऐसे में बिना सोचे-समझे खाना फेंक देना ही बेहतर है।
क्या बार-बार गर्म करना सही है?
कई लोग पूरा खाना बार-बार गर्म करके वापस फ्रिज में रख देते हैं, जो कि गलत है। ऐसा करने से कुछ बैक्टीरिया ऐसे टॉक्सिन्स बना देते हैं, जो दोबारा गर्म करने से भी खत्म नहीं होते। ये टॉक्सिन्स शरीर के लिए हानिकारक हो सकते हैं।
सही तरीका क्या है?
खाना बनने के 2 घंटे के अंदर-अंदर ही उसे फ्रिज में रखें
फ्रिज का तापमान 4°C से कम रखें
खाना हमेशा एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें
जितना खाना हो, उतना ही निकालकर गर्म करें
समय-समय पर फ्रिज में रखा खाना चेक करते रहें
सबसे जरूरी बात कोशिश करें कि हमेशा ताज़ा खाना ही खाएं। अगर आप भी कई दिनों तक फ्रिज में खाना जमा करके रखते हैं, तो अब अपनी ये आदत बदल लीजिए। क्योंकि आपकी सेहत के लिए ये छोटा सा लापरवाही बड़ा नुकसान बन सकती है।


