व्हाट्सऐप यूजर्स के लिए एक नया और काम का फीचर आ गया है। अब आप सिर्फ चैट ही नहीं, बल्कि उसी दौरान मोबाइल रिचार्ज भी कर सकेंगे। WhatsApp ने प्रीपेड मोबाइल रिचार्ज की सुविधा शुरू की है, जिससे आप अपने साथ-साथ अपने दोस्तों, परिवार या किसी भी कॉन्टैक्ट का नंबर आसानी से रिचार्ज कर सकते हैं।
इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए चैट स्क्रीन पर दिखने वाले ‘₹’ आइकन पर टैप करना होगा। अच्छी बात ये है कि यह सुविधा एंड्रॉयड और iOS दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी। फिलहाल Airtel, Reliance Jio और Vodafone Idea के प्रीपेड यूजर्स इसका फायदा उठा सकते हैं।
इस नए फीचर के लिए व्हाट्सऐप ने पेमेंट कंपनी PayU के साथ साझेदारी की है। पहले से ही ऐप में बिल पेमेंट और कुछ शहरों में मेट्रो टिकट बुकिंग जैसी सुविधाएं मौजूद थीं, लेकिन अब मोबाइल रिचार्ज जुड़ने से यूजर्स को अलग-अलग UPI ऐप्स या टेलीकॉम कंपनियों के ऐप्स पर जाने की जरूरत कम हो जाएगी।
अगर आप पहली बार इस फीचर का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो सबसे पहले आपको व्हाट्सऐप पेमेंट सेटअप करना होगा। अगर आपका बैंक अकाउंट उसी नंबर से लिंक है जिससे आप व्हाट्सऐप चला रहे हैं, तो सेटअप कुछ ही सेकंड में पूरा हो जाएगा। लेकिन अगर ऐसा नहीं है, तो आपको अपने बैंक में रजिस्टर मोबाइल नंबर वाले फोन में व्हाट्सऐप इंस्टॉल करना होगा।
सेटअप पूरा होने के बाद ‘₹’ आइकन पर क्लिक करते ही मोबाइल रिचार्ज का ऑप्शन दिखने लगेगा। यहां से आप अपना या किसी और का नंबर डालकर आसानी से रिचार्ज कर सकते हैं। पेमेंट के लिए व्हाट्सऐप पेमेंट के अलावा UPI, डेबिट कार्ड और क्रेडिट कार्ड के विकल्प भी मिलेंगे।
अगर अभी आपको यह फीचर नजर नहीं आ रहा है, तो चिंता की बात नहीं है यह धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जा रहा है। ध्यान रहे कि फिलहाल BSNL यूजर्स के लिए यह सुविधा उपलब्ध नहीं है।
दरअसल, भारत के डिजिटल पेमेंट बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए व्हाट्सऐप लगातार नए फीचर्स जोड़ रहा है। 2020 में पेमेंट सर्विस शुरू करने के बावजूद PhonePe और Google Pay का दबदबा बना हुआ है। ऐसे में मोबाइल रिचार्ज जैसा फीचर व्हाट्सऐप के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है।


