आपके घर में नया जमाने का 5-स्टार इनवर्टर AC लगा है, जिस पर बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है – “Stabilizer Free Operation”। यानी अलग से स्टेबलाइज़र लगाने की जरूरत नहीं। आप भी बेफिक्र होकर ठंडी-ठंडी हवा का मज़ा ले रहे हैं।
लेकिन एक दिन अचानक वोल्टेज में तेज उतार-चढ़ाव होता है और आपका AC काम करना बंद कर देता है। अब उसे ठीक करवाने में अच्छी-खासी रकम खर्च हो जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब AC “Stabilizer Free” था, तो फिर खराब कैसे हो गया?
असल में “Stabilizer Free” का मतलब यह नहीं है कि AC हर तरह के वोल्टेज फ्लकचुएशन को झेल सकता है। कंपनियां भारत की सामान्य वोल्टेज रेंज को ध्यान में रखकर AC डिजाइन करती हैं और उसी सीमा तक सुरक्षा देती हैं। भारत में आमतौर पर 220 वोल्ट की सप्लाई होती है, इसलिए सभी उपकरण उसी हिसाब से बनाए जाते हैं।
ज्यादातर इनवर्टर AC 160 से 260 वोल्ट के बीच सुरक्षित तरीके से काम कर सकते हैं। कुछ कंपनियां 110V से 285V तक की रेंज भी देती हैं, ताकि सामान्य उतार-चढ़ाव में कोई दिक्कत न आए। लेकिन परेशानी तब शुरू होती है, जब वोल्टेज इस रेंज से बाहर चला जाता है—यानी 160 से नीचे या 260 से ऊपर। गर्मियों में, खासकर रात के समय, ऐसा कई बार होता है क्योंकि उस समय बिजली की मांग काफी ज्यादा होती है। इसी वजह से वोल्टेज में बड़ा उतार-चढ़ाव आ सकता है।
अब बात आती है कि आपको कैसे पता चले कि आपके घर में वोल्टेज कितना आ रहा है। अगर आपके पास नया इनवर्टर है, तो उसमें इनपुट वोल्टेज डिस्प्ले पर दिखता रहता है। आप दिन के अलग-अलग समय पर इसे नोट कर सकते हैं। अगर आपके पास इनवर्टर नहीं है, तो एक डिजिटल मल्टीमीटर खरीद सकते हैं, जो करीब 500 रुपये में मिल जाता है। इससे खासकर रात 9 बजे के बाद वोल्टेज चेक करना ज्यादा सही रहता है, क्योंकि उस समय लोड ज्यादा होता है।
अगर वोल्टेज आपकी AC की सेफ रेंज में रहता है, तो चिंता की बात नहीं है। लेकिन अगर यह बार-बार रेंज से बाहर जा रहा है, तो बेहतर यही है कि आप स्टेबलाइज़र लगवा लें। आखिरकार, 30-40 हजार के AC को सुरक्षित रखने के लिए 2000 रुपये का स्टेबलाइज़र लगाना एक समझदारी भरा फैसला है, जो आपको बड़े नुकसान से बचा सकता है।


