महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा हो सकता है. पुलिस ने बताया कि परिवार ने रात में सोने से पहले तरबूज खाया था, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. फिलहाल तरबूज और बचे हुए खाने के सैंपल जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजे गए हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना दक्षिण मुंबई के पाइधोनी इलाके की मुगल बिल्डिंग में हुई. यहां रहने वाले अब्दुल्ला डोकाडिया (40), उनकी पत्नी नसीम (35) और दो बेटियां आयशा (16) व जैनब (13) की रविवार, 26 अप्रैल को मौत हो गई. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शनिवार रात परिवार ने अपने घर पर पांच रिश्तेदारों को खाने पर बुलाया था. इनमें अब्दुल्ला के भाई-बहन भी शामिल थे. रात करीब 10:30 बजे सभी नौ लोगों ने साथ बैठकर भोजन किया. इसके बाद मेहमान अपने-अपने घर लौट गए.
जांच में सामने आया है कि मेहमानों के जाने के बाद परिवार ने रात करीब 1 बजे से 1:30 बजे के बीच तरबूज खाया. इसके कुछ घंटों बाद रविवार सुबह लगभग 5:30 बजे से 6 बजे के बीच चारों की तबीयत अचानक खराब होने लगी. उन्हें उल्टी और दस्त की शिकायत हुई.
सबसे पहले परिवार के डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत जे.जे. अस्पताल भेजा गया. अस्पताल में सबसे पहले छोटी बेटी आयशा ने सुबह करीब 10:15 बजे दम तोड़ा. इसके बाद बड़ी बेटी और मां नसीम की भी मौत हो गई. परिवार के मुखिया अब्दुल्ला ने रात करीब 10:30 बजे अंतिम सांस ली. बताया जा रहा है कि अब्दुल्ला अंधेरी इलाके में मोबाइल एक्सेसरीज की दुकान चलाते थे.
पुलिस ने उन पांच रिश्तेदारों की भी जांच करवाई, जिन्होंने परिवार के साथ रात का खाना खाया था. हालांकि उनमें किसी तरह के लक्षण नहीं पाए गए. इसी वजह से शक इस बात पर गहराया है कि परिवार की तबीयत खराब होने की वजह रात में खाया गया तरबूज हो सकता है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मौत से पहले अब्दुल्ला का बयान दर्ज किया गया था. उन्होंने बताया था कि सोने से पहले पूरे परिवार ने तरबूज खाया था. इसी बयान के आधार पर पुलिस ने बचे हुए खाने और आधे तरबूज को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है.
अब सभी की नजर फॉरेंसिक रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे साफ हो सकेगा कि आखिर इस परिवार की मौत के पीछे फूड पॉइजनिंग थी, कोई जहरीला पदार्थ था, या मामला कुछ और है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।


