कुछ लोग खाने को ज़िंदगी का मज़ा मानते हैं, तो कुछ इसे सिर्फ ज़रूरत समझकर खाते हैं। आप चाहे किसी भी कैटेगरी में आते हों, एक बात तो साफ है—खाना सबको ज़रूरी है। फर्क सिर्फ इतना है कि किस मकसद से खाया जा रहा है।
जो लोग बीमार या कमज़ोर होते हैं, उन्हें एनर्जी के लिए खाना चाहिए। जो लोग एक्सरसाइज़ करते हैं, उनके लिए खाना ताकत और मसल्स बनाने का जरिया है। वहीं स्टूडेंट्स और ऑफिस जाने वालों के लिए सही खाना नींद और थकान को दूर रखने में मदद करता है।
अब बात करें गर्मियों की—इस मौसम में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से बचना बेहद ज़रूरी है। इसलिए ऐसी चीज़ों का सेवन करना चाहिए, जो तुरंत राहत दें और शरीर को अंदर से ठंडक पहुंचाएं।
इसी को ध्यान में रखते हुए, मेदांता हॉस्पिटल के न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स विभाग की चीफ डाइटिशियन संध्या पांडेय से पांच अलग-अलग स्थितियों में तुरंत एनर्जी देने वाले फूड्स के बारे में पूछा गया।
- कमज़ोरी या चक्कर आने पर क्या लें?
कमज़ोरी और चक्कर आने के पीछे कई वजहें हो सकती हैं—जैसे ब्लड शुगर का गिरना, शरीर में पानी की कमी या इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी। ऐसे में तुरंत असर करने वाली चीज़ें लेनी चाहिए।
आप नारियल पानी, ORS का घोल, मीठा-खट्टा नींबू पानी, छाछ या लस्सी ले सकते हैं। इन्हें लेने के 15–20 मिनट के अंदर हल्का भोजन करना बेहतर रहता है, ताकि शरीर की कमी जल्दी पूरी हो सके। - गर्मियों में हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से कैसे बचें?
इस मौसम में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे ज़रूरी है। इसके लिए नारियल पानी, शिकंजी, नींबू पानी, छाछ और आम पन्ना जैसे ड्रिंक्स बेहद फायदेमंद हैं।
कोशिश करें कि बाहर के जूस या गन्ने के रस से बचें, क्योंकि इनमें इंफेक्शन का खतरा रहता है। घर से ही पानी या हेल्दी ड्रिंक्स लेकर निकलें।
साथ में केला, भुना चना या ड्राई फ्रूट्स रखें, ताकि भूख लगने पर आप कुछ हेल्दी खा सकें। - पढ़ाई या ऑफिस के दौरान नींद और थकान कैसे दूर करें?
आपका खाना ही तय करता है कि आप दिनभर कितना एक्टिव महसूस करेंगे। बहुत ज्यादा तला-भुना या भारी खाना खाने से सुस्ती आती है और नींद भी बढ़ती है।
इसलिए बैलेंस्ड डाइट लें—जिसमें रोटी, चावल, दाल, सब्ज़ी, दही और सलाद शामिल हो। रोटी और चावल की मात्रा थोड़ी कंट्रोल में रखें।
अगर बीच में भूख लगे तो चिप्स या कोल्ड ड्रिंक की जगह बादाम, अखरोट, स्प्राउट्स या छाछ जैसे हेल्दी ऑप्शन चुनें। - बीमारी के बाद जल्दी रिकवरी के लिए क्या खाएं?
बीमारी के बाद शरीर को ज्यादा प्रोटीन और कैलोरी की जरूरत होती है, क्योंकि इस दौरान मसल लॉस होता है।
आप दाल, दूध, दही, पनीर, सोयाबीन, अंडा या चिकन जैसे प्रोटीन रिच फूड्स खा सकते हैं।
ध्यान रखें कि ज्यादा कैलोरी का मतलब जंक फूड नहीं होता, बल्कि पोषक तत्वों से भरपूर खाना होना चाहिए।
साथ ही, एक बार में ज्यादा खाने के बजाय थोड़ा-थोड़ा करके हर 2–3 घंटे में खाएं। खिचड़ी, दाल-चावल या हल्का पनीर जैसे आसानी से पचने वाले फूड्स बेहतर रहेंगे। - वर्कआउट से पहले तुरंत एनर्जी के लिए क्या लें?
वर्कआउट के दौरान शरीर को तुरंत एनर्जी देने के लिए मसल्स में ग्लाइकोजन स्टोर होना जरूरी है। इसके लिए ऐसे फूड्स लें, जो जल्दी ग्लूकोज़ में बदल जाएं।
वर्कआउट से पहले आप केला या सेब खा सकते हैं, या हल्का मीठा नींबू पानी पी सकते हैं।
अगर बेहतर परफॉर्म करना चाहते हैं, तो वर्कआउट से 1–1.5 घंटे पहले प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट का कॉम्बिनेशन लें—जैसे ओट्स स्मूदी, फ्रूट स्मूदी या दही में खजूर मिलाकर।
इससे न सिर्फ आपकी परफॉर्मेंस बेहतर होगी, बल्कि थकान भी कम महसूस होगी।
कुल मिलाकर, सही समय पर सही खाना ही आपको दिनभर एक्टिव, एनर्जेटिक और हेल्दी बनाए रखता है।


