कोई कहता है तेज़ कदमों से चलो तभी फायदा होगा, तो कोई मानता है कि सामान्य चाल से वॉक करना भी काफी असरदार है। लेकिन इन दिनों एक खास तकनीक काफी चर्चा में है जापानीज़ 3-मिनट इंटरवल वॉकिंग टेक्निक, जिसे इंटरवल वॉकिंग ट्रेनिंग भी कहा जाता है। इसमें 3 मिनट तेज़ रफ्तार से चलना होता है और फिर अगले 3 मिनट सामान्य गति से। यही साइकल दोहराई जाती है, और इसे सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है।
आज हम जानेंगे कि जापानीज़ 3-मिनट इंटरवल वॉकिंग टेक्निक क्या है, इसे कितनी देर करना चाहिए, इसके क्या-क्या फायदे हैं, और क्यों इसे नॉर्मल वॉकिंग या ब्रिस्क वॉकिंग से बेहतर माना जा रहा है। साथ ही डॉक्टर से समझेंगे कि क्या यह हर किसी के लिए सुरक्षित है या नहीं।
दरअसल, यह एक तरह की इंटरवल ट्रेनिंग है। इसमें पहले 3 मिनट तेज़ चाल यानी ब्रिस्क वॉक करनी होती है, फिर अगले 3 मिनट आरामदायक सामान्य चाल में चलना होता है। इस पूरे क्रम को लगभग 30 मिनट तक दोहराया जाता है। इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि इससे इंसुलिन सेंसिटिविटी बेहतर होती है, जिससे शरीर ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से कंट्रोल कर पाता है। यही वजह है कि यह डायबिटीज़ के खतरे को कम करने में मददगार मानी जाती है।
इसके अलावा, यह वज़न घटाने वालों के लिए भी शानदार तरीका है, क्योंकि इंटरवल वॉकिंग के दौरान कम समय में ज्यादा कैलोरी बर्न होती है। यही कारण है कि जिन लोगों के पास एक्सरसाइज़ के लिए कम समय होता है, उनके लिए यह बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है। दिल की सेहत के लिए भी यह तकनीक फायदेमंद मानी जाती है। नियमित रूप से इसे करने से हार्ट हेल्थ बेहतर होती है और लिपिड प्रोफाइल में सुधार देखने को मिलता है। इससे बैड कोलेस्ट्रॉल कम करने में भी मदद मिल सकती है।
सिर्फ शारीरिक ही नहीं, यह वॉकिंग टेक्निक मानसिक स्वास्थ्य पर भी अच्छा असर डालती है। इससे तनाव कम होता है, मूड बेहतर रहता है और शरीर में एनर्जी महसूस होती है। अगर तुलना करें नॉर्मल वॉकिंग या केवल ब्रिस्क वॉकिंग से, तो इंटरवल वॉकिंग ज्यादा असरदार मानी जाती है। वजह साफ है इसमें शरीर को अलग-अलग स्पीड पर काम करना पड़ता है, जिससे मेटाबॉलिज्म तेज़ होता है और कैलोरी बर्निंग बढ़ती है।
हालांकि, यह तकनीक हर किसी के लिए सही नहीं है। बुज़ुर्ग लोग, घुटनों के दर्द से परेशान लोग, दिल की बीमारी वाले मरीज या प्रेग्नेंट महिलाएं इसे शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें। बाकी स्वस्थ लोग अगर सही तरीके से करें, तो जापानीज़ 3-मिनट इंटरवल वॉकिंग टेक्निक फिटनेस बढ़ाने, वजन घटाने और शरीर को एक्टिव रखने का एक आसान और सुरक्षित तरीका साबित हो सकती है।


