दिल्ली की भीषण ठंड के बीच मशहूर रैपर और सिंगर यो-यो हनी सिंह का एक लाइव कॉन्सर्ट विवादों में घिर गया। स्टेज के सामने मौजूद थी जेन-ज़ी ऑडियंस और मंच पर थे हनी सिंह। इसी दौरान हनी सिंह असुरक्षित यौन संबंधों को लेकर आपत्तिजनक और गाली-गलौच से भरी भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए। बातचीत में उन्होंने दिल्ली की ठंड, गाड़ी, संभोग और कंडोम जैसे शब्दों का जिक्र किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो वायरल होते ही हनी सिंह को सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। आम लोगों के साथ-साथ कई नामी हस्तियों ने भी उनके बयान को लेकर सवाल उठाए। बढ़ते विवाद के बीच अब हनी सिंह की ओर से माफी सामने आई है।
15 जनवरी की देर रात हनी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘भूल चूक माफ’ कैप्शन के साथ एक वीडियो साझा किया। इस वीडियो में उन्होंने वायरल क्लिप को लेकर अपनी सफाई पेश की। हनी सिंह का कहना है कि सुबह से उनका एक वीडियो काट-छांट कर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को अपने नजरिए से समझाने की कोशिश की।
हनी सिंह ने बताया कि वह उस शो में केवल एक गेस्ट के तौर पर शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि शो से दो दिन पहले वह कुछ गायनेकोलॉजिस्ट और सेक्सोलॉजिस्ट के साथ लंच पर थे। बातचीत के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि आजकल युवाओं में सेक्शुअली ट्रांसमिटेड बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं, जिसकी बड़ी वजह असुरक्षित यौन संबंध हैं।
हनी सिंह के मुताबिक, जब वह शो पर पहुंचे और वहां जेन-ज़ी ऑडियंस को देखा, तो उन्होंने सोचा कि युवाओं तक यह संदेश उन्हीं की भाषा में पहुंचाया जाए कि वे अनसेफ सेक्स से बचें। इसी सोच के तहत उन्होंने थोड़ी OTT भाषा का इस्तेमाल किया।
हालांकि हनी सिंह ने यह भी स्वीकार किया कि उनकी भाषा कई लोगों को आपत्तिजनक लगी। उन्होंने कहा कि अगर उनकी बातों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से वह ऐसी गलती नहीं दोहराएंगे और अपनी भाषा को लेकर ज्यादा सतर्क रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह यह सुनिश्चित करेंगे कि उनकी बातों को एडिट कर गलत संदर्भ में न फैलाया जाए।
इस विवाद पर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर जसबीर जस्सी ने भी प्रतिक्रिया दी है। हनी सिंह के वायरल वीडियो पर टिप्पणी करते हुए जसबीर जस्सी ने कहा कि हनी सिंह ने सारी सीमाएं लांघ दी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर हनी सिंह के परिवार में कोई है, तो उसे समझाने की जिम्मेदारी भी उन्हें ही लेनी चाहिए, क्योंकि वह शायद किसी और की बात नहीं सुनते।
गौरतलब है कि यह पहला मौका नहीं है जब हनी सिंह अपने शब्दों और कंटेंट को लेकर विवादों में आए हों। इससे पहले भी उनके गानों में अश्लील शब्दों और डांस को लेकर सवाल उठते रहे हैं। साल 2014 से 2018 के बीच हनी सिंह म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर रहे थे। उस दौरान उन्होंने डिप्रेशन, एंग्जायटी और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का सामना करने की बात खुद स्वीकार की थी।


