शॉर्ट वीडियो प्लेटफॉर्म TikTok को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। आखिरकार TikTok का अमेरिकी कारोबार बिक गया है। कंपनी ने Oracle, Silver Lake और अबू-धाबी स्थित MGX के साथ मिलकर एक नया जॉइंट वेंचर बनाने का ऐलान किया है। इस नई कंपनी का नाम TikTok USDS रखा गया है। साफ है कि यह फैसला TikTok के अमेरिका में संचालन को लेकर लिया गया है।
पिछले कई महीनों से यह चर्चा चल रही थी कि चीनी कंपनी ByteDance को अमेरिका में अपना बिजनेस बेचना पड़ सकता है। दरअसल, इस साल जनवरी में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने TikTok की पेरेंट कंपनी ByteDance को स्पष्ट निर्देश दिया था कि वह अमेरिका में अपने ऑपरेशन बेचे, वरना ऐप पर प्रतिबंध झेलने के लिए तैयार रहे। अब जब यह सौदा हो चुका है, तो सवाल उठ रहा है कि क्या TikTok की भारत में वापसी संभव हो पाएगी।
TikTok का अमेरिकी अवतार
TikTok के CEO Shou Zi Chew ने गुरुवार, 18 दिसंबर, को कर्मचारियों को जानकारी दी कि कंपनी के अमेरिकी ऑपरेशन अब एक जॉइंट वेंचर के तहत चलाए जाएंगे। इस नई इकाई में अमेरिकी कंपनियों की बहुल हिस्सेदारी होगी। TikTok USDS में 7 सदस्यों का बोर्ड बनेगा, जिसमें अधिकांश सदस्य अमेरिकी होंगे। हिस्सेदारी की बात करें तो जॉइंट वेंचर में 50 प्रतिशत हिस्सा Oracle, Silver Lake और MGX के पास होगा। वहीं 30 प्रतिशत हिस्सेदारी ByteDance के मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी, जबकि 20 प्रतिशत हिस्सा खुद ByteDance के पास होगा।
इस नए ढांचे में Oracle को “Trusted Security Partner” की भूमिका दी गई है, यानी कंपनी के डेटा और सुरक्षा ऑडिट की जिम्मेदारी भी Oracle के पास रहेगी। इस सौदे के 22 जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद है। इसके बाद अमेरिका की ओर से राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं के चलते ByteDance पर अमेरिकी कारोबार बेचने का दबाव समाप्त हो जाएगा।
यह समझौता उसी प्रस्ताव के अनुरूप है, जो सितंबर में सामने आया था। उस वक्त अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उस कानून को कुछ समय के लिए टाल दिया था, जिसके तहत TikTok को न बेचने की स्थिति में ऐप पर प्रतिबंध लगाया जाना था।
भारत में वापसी की अटकलें
गौरतलब है कि TikTok अभी भी भारत में प्रतिबंधित है। जून 2020 में भारत सरकार ने TikTok सहित 59 मोबाइल ऐप्स पर बैन लगाया था। उस समय TikTok के भारत में लगभग 20 करोड़ यूज़र थे। अब चूंकि TikTok की पेरेंट कंपनी ByteDance की हिस्सेदारी घट गई है और अमेरिकी ऑपरेशन एक अलग अमेरिकी इकाई के रूप में सामने आए हैं, इसलिए भारत में इसके लौटने को लेकर एक बार फिर अटकलें तेज हो गई हैं। इस साल अगस्त में TikTok का इंडिया पेज लाइव होने के बाद भी ऐसी चर्चाएं शुरू हुई थीं।
हालांकि, उस समय सरकार ने साफ कर दिया था कि TikTok को लेकर सरकारी नीति में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। फिलहाल भारत में TikTok की वापसी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


