लद्दाख के द्रास राजकीय महाविद्यालय को सतत विकास और हरित कौशल शिक्षा की पहल के लिए डिडैक इंडिया-2026 में अंतरराष्ट्रीय आईडीए पुरस्कार मिला।
लद्दाख के राजकीय महाविद्यालय, द्रास को सतत विकास और हरित कौशल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचारी पहल के लिए अंतरराष्ट्रीय आईडीए पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
यह पुरस्कार बेंगलुरु में आयोजित डिडैक इंडिया-2026 में प्रदान किया गया। महाविद्यालय को विद्यार्थियों में नवाचार और व्यावहारिक अनुभव के जरिए सीखने की प्रक्रिया को बढ़ावा देने के लिए उच्च शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान के रूप में भी मान्यता मिली।
डिडैक के विशेषज्ञ निर्णायक मंडल ने कई चरणों के मूल्यांकन के बाद महाविद्यालय को पुरस्कार के लिए चुना। जर्मनी के लैंडेसमेसे स्टटगार्ट के उपाध्यक्ष बर्नहार्ड म्यूलर ने परियोजना प्रमुख और वरिष्ठ सहायक प्रोफेसर डॉ. जावेद मोहम्मद इकबाल को यह पुरस्कार प्रदान किया।
डॉ. इकबाल केंद्र शासित प्रदेश के कौशल विकास नोडल अधिकारी भी हैं। डिडैक इंडिया-2026 सम्मेलन 25 से 27 नवंबर तक बेंगलुरु में आयोजित हुआ, जिसमें 19 देशों के मंत्री और गणमान्य व्यक्ति, पांच सौ से अधिक उद्योग भागीदार और सैकड़ों शिक्षण संस्थानों ने भाग लिया।
स्रोत: आकाशवाणी समाचार


