महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने हरिद्वार में नव्या 2.0 के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। यह पहल 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों में लागू होगी।
महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने हरिद्वार में नव्या 2.0 पहल के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य किशोरियों और युवतियों को व्यावसायिक कौशल का प्रशिक्षण देना है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल नव्या 2.0 को 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों में लागू किया जाएगा। इसमें आधुनिक और रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
पहल के तहत पात्र आयु सीमा 16 से 18 वर्ष से बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है। इसका उद्देश्य युवतियों का आत्मविश्वास बढ़ाना, आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पहले चरण की सफलता और कार्यक्रम की बढ़ती मांग को देखते हुए दूसरा चरण उत्तराखंड से शुरू किया गया है। उन्होंने युवाओं को 21वीं सदी की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल से लैस करने के प्रधानमंत्री के लक्ष्य का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उत्तराखंड में सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों और प्रधानमंत्री जनमन के तहत नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से प्रशिक्षण पाने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र भी दिए गए।
स्रोत: आकाशवाणी समाचार


