प्रतियोगिता में भारत के दल में आठ पुरुष और नौ महिला मुक्केबाज शामिल हैं। मुकाबले 3 दिसंबर तक चलेंगे।
उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद में विश्व मुक्केबाजी कप फाइनल्स के मुकाबले आज से शुरू हो रहे हैं।
भारत की ओर से 17 मुक्केबाज प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं। दल में आठ पुरुष और नौ महिला खिलाड़ी हैं। विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा और ज्योति गुलिया भारतीय दल का नेतृत्व करेंगी।
महिला वर्ग में मीनाक्षी का पहला मुकाबला इटली की मार्टिना वसालो से होगा, जबकि ज्योति का सामना थाइलैंड की तिप्साचा योडवारी से होगा। पूनम, प्राची, सनेह, गितिमौनी गोगोई, नैना और अल्फिया पठान भी अलग-अलग भार वर्गों में उतरेंगी।
थोकचौम एस. चानू 75 किलोग्राम भार वर्ग के सेमीफाइनल में पहले ही पहुंच चुकी हैं। पुरुष वर्ग में ऋषि सिंह, निखिल, अनमोल, आकाश, मल्सावतलुंगा, हर्ष चौधरी, जुगनू और सावन गिल हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता 3 दिसंबर तक चलेगी।
स्रोत: आकाशवाणी खेल


