कलिंगा स्टेडियम में तीन दिन चलने वाली प्रतियोगिता में छह देशों के 200 से अधिक खिलाड़ी और भारत का 70 सदस्यीय दल हिस्सा लेंगे।
भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में पहली बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप आज शुरू होगी। तीन दिन की इस ट्रैक एंड फील्ड प्रतियोगिता में कुल 32 स्पर्धाएं होंगी।
मेजबान भारत के अलावा बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, श्रीलंका और म्यांमार के 200 से अधिक खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे।
भारत की ओर से 70 सदस्यीय दल प्रतियोगिता में हिस्सा लेगा। खिलाड़ियों का चयन लुधियाना में हुए अंडर-23 इंडियन ओपन और चेन्नई में आयोजित जूनियर राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के आधार पर किया गया है।
आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, विदेश मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में ओडिशा के संबंधित विभागों के सहयोग से किया जा रहा है।
स्रोत: आकाशवाणी खेल


