आजकल X पर एक दिलचस्प ट्रेंड देखने को मिल रहा है। कई पोस्ट के आखिर में तीन-चार डॉट्स लगाकर “See More…” लिखा जा रहा है। पढ़ने वाले को लगता है कि आगे कुछ और कंटेंट छिपा हुआ है और उसे देखने के लिए क्लिक करना चाहिए। लेकिन जैसे ही आप क्लिक करते हैं, कुछ भी नया सामने नहीं आता। पोस्ट वहीं खत्म हो जाती है और आप आगे बढ़ जाते हैं। पहली नजर में यह कोई तकनीकी गड़बड़ी लग सकती है, लेकिन असल में मामला कुछ और है।
दरअसल यह पूरा खेल प्लेटफॉर्म के monetization सिस्टम से जुड़ा हुआ है। जब Elon Musk ने ट्विटर को X में बदला, तो साथ ही कमाई का नया मॉडल भी लागू किया। इस मॉडल के तहत यूज़र्स को उनकी पोस्ट पर आने वाले एंगेजमेंट और विज्ञापनों के आधार पर भुगतान किया जाता है। हालांकि इसके लिए कुछ शर्तें भी तय हैं—जैसे X Premium या Premium+ का सब्सक्रिप्शन होना, कम से कम 500 फॉलोअर्स होना और पिछले तीन महीनों में पोस्ट पर 50 लाख असली इंप्रेशन आना।
अगर कोई अकाउंट इन सभी मानकों पर खरा उतरता है, तो उसे हर दो हफ्ते के हिसाब से भुगतान मिल सकता है। न्यूनतम कमाई एक तय सीमा से शुरू होती है और इंप्रेशन व विज्ञापन एंगेजमेंट के आधार पर बढ़ती है। लेकिन यहां एक बड़ा बदलाव हुआ—अब सिर्फ रिप्लाई या सामान्य एंगेजमेंट से उतनी कमाई नहीं होती, जितनी पोस्ट के नीचे दिखने वाले विज्ञापनों से होती है।
यही वजह है कि कुछ यूज़र्स ने एक नई तरकीब निकाल ली। वे पोस्ट के आखिर में “See More…” जोड़ देते हैं, ताकि पढ़ने वाला उत्सुक होकर क्लिक करे और पोस्ट के नीचे तक जाए, जहां विज्ञापन दिखाई देते हैं। भले ही क्लिक करने पर अंदर कोई अतिरिक्त जानकारी न मिले, लेकिन उस दौरान विज्ञापन व्यू हो जाता है, जिससे पोस्ट करने वाले को फायदा पहुंचता है।
सीधी बात यह है कि यह तकनीकी गड़बड़ नहीं, बल्कि ध्यान खींचने की एक सोची-समझी रणनीति है। जिज्ञासा आपकी होती है, लेकिन फायदा पोस्ट डालने वाले को मिल जाता है।


