भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर कर फैंस के दिलों की धड़कनों को बढ़ा दिया है। धोनी के इस पोस्ट से ये कयास लगाए जा रहें है कि वो अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में नए रोल में सामने आ सकते हैं। उनकी इस पोस्ट से फैंस के बीच सस्पेंस का माहौल है।
धोनी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘नए सीजन और नई भूमिका’ के लिए इंतजार नहीं कर सकता, बने रहें!’ अपने इस सोशल मीडिया पोस्ट में महेंद्र सिंह धोनी ने खुलासा नहीं किया है कि उनका यह नया रोल आखिर क्या होने वाला है। ऐसे में फैंस से लेकर मीडिया तक के बीच सस्पेंस बढ़ गया है। आईपीएल में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं और सीएसके (CSK) आईपीएल की सबसे सफल टीमों में गिनी जाती है। चेन्नई की इस टीम ने धोनी की कप्तानी में पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। बीते साल 2023 में चेन्नई ने अपना पांचवां आईपीएल टाइटल जीता था और कप्तान धोनी ही थे।
बता दें कि पूर्व भारतीय कप्तान ने 15 अगस्त 2020 को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। मगर धोनी आईपीएल में खेलते आ रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास के बाद से आईपीएल के हर सीजन में फैंस के मन में बस एक ही सवाल रहता है की क्या माही अगले साल आईपीएल खेलेंगे? ऐसे में अपने इस पोस्ट के जरिए धोनी ने फैंस को असमंजस में डाल दिया है।
महेंद्र सिंह धोनी के क्रिकेट करियर की बात करें तो पूर्व भारतीय कप्तान ने अपनी कप्तानी के दौरान भारत को 3 आईसीसी ट्रॉफी दिलाई हैं। इनमें 2007 टी20 विश्वकप, 2011 विश्वकप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है। ये कारनामा करने वाले माही इकलौते कप्तान हैं। वहीं आईपीएल में भी धोनी का सिक्का खूब चला है। आईपीएल में धोनी 5 बार टाइटल ट्रॉफी अपने नाम कर चुके हैं जो मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के बराबर है।