प्रसिद्ध बॉडी-बिल्डर वरिंदर सिंह घुमन का 9 अक्टूबर को निधन हो गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके चलते उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया। वरिंदर की मौत की खबर से उनके फैंस और फिटनेस जगत में गहरा शोक है। अभिनेता सलमान खान ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और लिखा — RIP प्रा. पाजी, मैं आपको बहुत मिस करूंगा।
हालांकि, वरिंदर की मौत को लेकर बीती रात से ही कई सवाल उठने लगे। दरअसल, वो अपने बाइसेप्स की एक मामूली चोट के ऑपरेशन के लिए अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे थे। खास बात यह थी कि उस समय वे अकेले थे, परिवार का कोई सदस्य उनके साथ नहीं था। सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलने लगीं कि कहीं अस्पताल की लापरवाही तो उनकी मौत की वजह नहीं बनी। इन चर्चाओं के बीच फोर्टिस अस्पताल ने एक आधिकारिक बयान जारी किया और पूरा मामला स्पष्ट किया। अस्पताल के बयान के अनुसार वरिंदर सिंह घुमन 6 अक्टूबर 2025 को कंधे में दर्द की शिकायत लेकर हमारे OPD में आए थे। जांच के बाद पाया गया कि उन्हें कंधे के रोटेटर कफ रिपेयर विद बाइसेप्स टेनोडेसिस सर्जरी की आवश्यकता है। 9 अक्टूबर 2025 को यह सर्जरी साधारण एनेस्थीसिया के तहत की गई। सर्जरी पूरी तरह सफल रही और दोपहर करीब 3 बजे खत्म हुई। इस दौरान उनके सभी वाइटल पैरामीटर्स स्थिर थे।
लेकिन करीब 3:35 बजे अचानक उनकी हृदय गति अनियमित हो गई. तुरंत एनेस्थीसिया, कार्डियोलॉजी और क्रिटिकल केयर की टीमों ने CPR और इमरजेंसी ट्रीटमेंट शुरू किया। तमाम कोशिशों के बावजूद वरिंदर को बचाया नहीं जा सका और शाम 5:36 बजे उन्हें मृत घोषित किया गया। अस्पताल ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वह घुमन के परिवार और चाहने वालों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करता है।
गौरतलब है कि वरिंदर सिंह घुमन दुनिया के जाने-माने वेजिटेरियन बॉडी-बिल्डर थे। उन्हें भारत का “ही-मैन” कहा जाता था। बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान भी उनकी फिटनेस से बेहद प्रभावित थे। दोनों ने साथ में फिल्म ‘टाइगर 3’ में काम किया था। फिल्म के ट्रेलर के दौरान ही वरिंदर की चर्चा पूरे देश में होने लगी थी। एक्टिंग के प्रति भी उनका गहरा जुनून था। फिटनेस की दुनिया में नाम कमाने के बाद वरिंदर धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी पहचान बना रहे थे। उनकी मौत ने फिटनेस और फिल्म जगत दोनों को गहरे सदमे में डाल दिया है।


