शादी की तारीख तय हो चुकी थी, वेन्यू बुक था और लगभग सारी तैयारियां पूरी हो गई थीं। लेकिन ठीक उसी समय एक ऐसा मोड़ आया, जिसने सबको हैरान कर दिया। दरअसल, जिस दिन शादी होनी थी उसी दिन एक बड़ा क्रिकेट फाइनल मैच भी पड़ गया। अब क्रिकेट को अक्सर सिर्फ खेल नहीं बल्कि जुनून कहा जाता है, और इसी जुनून ने इस क्रिकेटर को एक बड़ा फैसला लेने पर मजबूर कर दिया। हम बात कर रहे हैं दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटर David Bedingham की, जिन्होंने SA20 फाइनल खेलने के लिए अपनी शादी की तारीख ही बदल दी।
असल में बेडिंघम SA20 लीग में Sunrisers Eastern Cape की टीम का हिस्सा हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी शादी 8 फरवरी को तय की गई थी। उस समय टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं चल रहा था, इसलिए उन्हें लगा कि टीम शायद फाइनल तक नहीं पहुंच पाएगी। लेकिन टूर्नामेंट के अंत में परिस्थितियां बदल गईं और उनकी टीम लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंच गई। संयोग से फाइनल मैच की तारीख भी 8 फरवरी ही थी। ऐसे में बेडिंघम को महसूस हुआ कि शादी की तारीख तय करते समय उनसे बड़ी चूक हो गई। आखिरकार उन्होंने फैसला किया कि पहले फाइनल खेलेंगे और शादी की तारीख एक दिन आगे बढ़ा दी जाएगी।
दिलचस्प बात यह भी रही कि क्वालिफायर मुकाबले के दौरान बेडिंघम अपनी ही बैचलर पार्टी में शामिल नहीं हो पाए। बताया जाता है कि जब टीम Paarl Royals के खिलाफ क्वालिफायर मैच खेल रही थी, उसी दौरान उनकी बैचलर पार्टी का कार्यक्रम था। ऐसे में उनकी जगह इस ट्रिप पर उनके पिता को जाना पड़ा।
फिर आया 8 फरवरी का दिन, जब SA20 का फाइनल मुकाबला खेला गया। यह मैच MI Cape Town और Sunrisers Eastern Cape के बीच था। हालांकि यह मुकाबला बेडिंघम और उनकी टीम के लिए अच्छा साबित नहीं हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI केपटाउन ने 20 ओवर में 181 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए सनराइजर्स की पूरी टीम सिर्फ 105 रन पर ही सिमट गई और उन्हें 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। बेडिंघम भी इस मैच में बल्ले से खास योगदान नहीं दे सके। ओपनिंग करने उतरे बेडिंघम केवल 5 रन बनाकर आउट हो गए और उन्हें Kagiso Rabada ने पवेलियन भेजा।
अगर बेडिंघम के करियर की बात करें तो वह दक्षिण अफ्रीका के लिए अब तक 12 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने लगभग 33.94 की औसत से 645 रन बनाए हैं। इसके अलावा लिस्ट-A क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है, जहां 43 मैचों में उनके नाम 1678 रन दर्ज हैं। SA20 के इस सीजन में उन्होंने 13 मैचों में 241 रन बनाए और टीम के लिए रन बनाने के मामले में Aiden Markram के बाद दूसरे नंबर पर रहे। शायद यही वजह थी कि इतने अहम फाइनल मुकाबले को वह किसी भी कीमत पर मिस नहीं करना चाहते थे और उन्होंने अपनी शादी की तारीख तक बदलने का फैसला कर लिया।


