सर्दियां अब विदा ले रही हैं और मौसम तेजी से करवट बदल रहा है। दिन में धूप तेज़ हो जाती है, जबकि रात होते ही हल्की ठंड महसूस होती है। ऐसे में कभी गर्मी लगती है तो कभी ठंड, और यही उतार-चढ़ाव लोगों को सर्दी-जुकाम, बुखार और सिरदर्द जैसी परेशानियों में डाल देता है। इस बदलते मौसम में अगर आप अपनी इम्यूनिटी मजबूत रखना चाहते हैं, तो खान-पान पर खास ध्यान देना बेहद ज़रूरी है।
विटामिन C से भरपूर आहार
इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने के लिए विटामिन C बहुत अहम होता है। यह शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। इसके लिए आंवला, अमरूद, संतरा, मौसंबी और नींबू जैसे फलों का सेवन किया जा सकता है। हालांकि, अगर पहले से सर्दी-जुकाम हो तो खट्टी चीज़ों से बचना बेहतर है। ऐसे में शिमला मिर्च, पपीता, ब्रॉकली, फूलगोभी और पालक जैसे विकल्प अच्छे रहते हैं, जिनमें भरपूर विटामिन C होता है लेकिन खट्टापन नहीं होता।
अदरक, हल्दी और लहसुन का उपयोग
रोज़मर्रा के खाने में अदरक, हल्दी और लहसुन को शामिल करना भी फायदेमंद है। अदरक में मौजूद तत्व सूजन कम करने और गले को राहत देने में मदद करते हैं। हल्दी में एंटी-इंफ्लेमेट्री गुण होते हैं, जो सर्दी-जुकाम में आराम पहुंचाते हैं। हल्दी वाला दूध पीते समय उसमें एक चुटकी काली मिर्च डालने से उसका असर और बढ़ जाता है। लहसुन भी इम्यूनिटी के लिए अच्छा माना जाता है। इसमें मौजूद तत्व शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं और संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं।
हरी पत्तेदार सब्ज़ियां
पालक, मेथी और सरसों जैसी हरी सब्ज़ियां शरीर को जरूरी पोषक तत्व देती हैं। इनमें आयरन, फोलेट और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो इम्यूनिटी को बेहतर बनाते हैं।
नट्स और बीज
बादाम, अखरोट, सूरजमुखी और कद्दू के बीज जैसे नट्स और सीड्स भी डाइट का हिस्सा होने चाहिए। इनमें विटामिन E, जिंक और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करते हैं।
कुछ और जरूरी बातें
-अपने भोजन में प्रोटीन जरूर शामिल करें, जैसे दालें, चना, राजमा, अंडा और दूध।
-दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। साथ ही नारियल पानी और हर्बल चाय भी फायदेमंद हो सकती हैं।
-मौसम के अनुसार ताजे फल खाना हमेशा बेहतर रहता है।
-आंतों की सेहत के लिए दही, छाछ और घर का बना अचार जैसे प्रोबायोटिक्स लें।
इसके साथ ही रोज़ पर्याप्त नींद लेना और नियमित व्यायाम करना भी उतना ही जरूरी है। सही दिनचर्या और संतुलित आहार से आप इस बदलते मौसम में खुद को बीमारियों से बचा सकते हैं।
यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है। इसमें दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी किसी चिकित्सकीय सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। किसी भी प्रकार की बीमारी, एलर्जी या पहले से मौजूद स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में आहार या जीवनशैली में बदलाव करने से पहले योग्य डॉक्टर या स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।


